CBSE CLASS 10 - HINDI A - PREVIOUS YEAR QUESTION PAPER
Previous year question paper cbse class 10 HINDI A
Subject : HINDI A
रोल नं.
-
कृपया जाँच कर लें कि इस प्रश्न-पत्र में मुद्रित पृष्ठ 15 हैं।
-
कृपया जाँच कर लें कि इस प्रश्न-पत्र में 17 प्रश्न हैं।
-
परीक्षार्थी प्रश्न-पत्र कोड को उत्तर-पुस्तिका के मुख पृष्ठ पर अवश्य लिखें।
-
प्रश्न-पत्र में दाहिने हाथ की ओर दिए गए प्रश्न-पत्र कोड को परीक्षार्थी उत्तर-पुस्तिका के मुख पृष्ठ पर लिखें।
-
कृपया प्रश्न का उत्तर लिखना शुरू करने से पहले, उत्तर-पुस्तिका में प्रश्न का क्रमांक अवश्य लिखें।
-
इस प्रश्न-पत्र को पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया है। प्रश्न-पत्र का वितरण पूर्वाह्न में 10.15 बजे किया जाएगा। 10.15 बजे से 10.30 बजे तक परीक्षार्थी केवल प्रश्न-पत्र को पढ़ेंगे और इस अवधि के दौरान वे उत्तर-पुस्तिका पर कोई उत्तर नहीं लिखेंगे।
हिन्दी (अ)
HINDI (A)
निर्धारित समय : 3 घण्टे
अधिकतम अंक : 80
सामान्य निर्देश :
निम्नलिखित निर्देशों को बहुत सावधानी से पढ़िए और उनका सख़्ती से अनुपालन कीजिए :
(i) इस प्रश्न-पत्र में कुल 17 प्रश्न हैं। सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
(ii) इस प्रश्न-पत्र में दो खंड हैं— खंड- 'अ' और खंड 'ब'। खंड- 'अ' में बहुविकल्पी/वस्तुपरक और खंड- 'ब' में वर्णनात्मक प्रश्न दिए गए हैं।
(iii) खंड- 'अ' में कुल 10 प्रश्न हैं, जिनमें उपप्रश्नों की संख्या 44 है। दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए 40 उपप्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य है।
(iv) खंड- 'ब' में कुल 7 प्रश्न हैं। सभी प्रश्नों के साथ उनके विकल्प भी दिए गए हैं। निर्देशानुसार विकल्प का ध्यान रखते हुए सभी प्रश्नों के उत्तर लिखिए।
(v) प्रश्नों के उत्तर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए लिखिए।
(vi) यथासंभव सभी प्रश्नों के उत्तर क्रमानुसार लिखिए।
खंड 'अ' (बहुविकल्पी / वस्तुपरक प्रश्न)
1. निम्नलिखित काव्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
सच से हट कर जिए तो क्या जिए हम या कि तुम।
जो नत हुआ वह मृत हुआ ज्यों वृंत से झर कर कुसुम।
जो लक्ष्य भूल रुका नहीं, जो हार देख झुका नहीं।
जिसने प्रणय पाथेय माना, जीत उसकी ही रही।
सच हम नहीं सच तुम नहीं, सच है महज संघर्ष ही।
ऐसा करो जिससे न प्राणों में कहीं जड़ता रहे।
जो है जहाँ चुपचाप, अपने-आप से लड़ता रहे।
जो भी परिस्थितियाँ मिलें, काँटे चुभें कलियाँ खिलें।
हारे नहीं इंसान, है संदेश जीवन का यही।
सच हम नहीं सच तुम नहीं, सच है महज संघर्ष ही।
हमने रचा आओ हमीं अब तोड़ दें इस प्यार को।
वह क्या मिलन, मिलना वही जो मोड़ दे मँझधार को।
(i) 'अपने-आप से' लड़ने का क्या अभिप्राय है?
(A) अपने भीतर उठे अंतर्द्वंद्व से लड़ना
(B) अपने भीतर की कमजोरियों से लड़ना
(C) अपनी शारीरिक कमजोरियों से लड़ना
(D) अपनी मानसिक व्याधियों से लड़ना
(ii) 'जो नत हुआ वह मृत हुआ' क्यों कहा गया है?
(A) झुकना घमंड का परिचायक है।
(B) झुकना विनम्रता का परिचायक है।
(C) झुकने वाला मृतक के समान है।
(D) स्वाभिमान रहित जीवन मृतक के समान है।
(iii) काव्यांश का संदेश है :
(A) हर प्रकार की परिस्थिति से समझौता कर स्वयं को ढालने का।
(B) जीत की संभावना वाले मार्ग पर ही आगे बढ़ने का।
(C) कैसी भी कठिन परिस्थिति हो उससे हार न मानने का।
(D) हार की संभावना होने पर नवीन लक्ष्य के निर्माण का।
(iv) 'काँटे' और 'कलियाँ' किसके प्रतीक हैं?
(A) सुख और दुख के।
(B) दुख और सुख के।
(C) समृद्धि और उत्कर्ष के।
(D) निर्माण और पतन के।
(v) कथन और कारण पर विचार करते हुए सही विकल्प चुनकर लिखिए :
कथन - मानव मात्र का जीवन संघर्षपूर्ण है।
कारण - मानव मात्र को अपने जीवन की सम-विषम हर तरह की परिस्थितियों का डटकर सामना करना चाहिए।
(A) कथन गलत है और कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ही गलत हैं।
(C) कथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
(D) कथन और कारण दोनों सही हैं लेकिन कारण कथन की सही व्याख्या नहीं करता है।
2. निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर उस पर आधारित दिए गए प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
भारत एक विशाल देश है। यहाँ के विभिन्न राज्यों की अपनी क्षेत्रीय भाषाएँ हैं। स्वतंत्रता के पश्चात से मातृभाषा को प्रोत्साहित करने की बातें चर्चा में रही हैं। परंतु इनके विकास के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए। इसके कारण प्रत्येक क्षेत्र में विदेशी भाषा अंग्रेजी का वर्चस्व स्थापित हो गया। नेल्सन मंडेला ने कहा था कि किसी भी व्यक्ति के सोचने की प्रक्रिया अपनी मातृभाषा में होती है। अगर किसी व्यक्ति से उसकी मातृभाषा में बात करें तो वह बात दिल तक पहुँचती है।
यह सर्वविदित है कि मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करना अत्यंत सहज एवं सुगम होता है। अपनी मातृभाषा में विद्यार्थी किसी भी विषय को सरलता से समझ लेता है जबकि अन्य भाषाओं में उसे कठिनाई का सामना करना पड़ता है। विश्वभर के शिक्षाविदों ने मातृभाषा में शिक्षा प्रदान किए जाने को महत्त्व दिया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के अनुसार अपनी मातृभाषा में चिकित्सा की पढ़ाई करवाने वाले देशों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति अन्य देशों की तुलना में अच्छी है। चीन, रूस, जर्मनी, फ्रांस और जापान सहित अनेक देश अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। सर्वविदित है कि ये देश लगभग प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी हैं। इन देशों ने अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्रदान करके ही उन्नति प्राप्त की है। यदि स्वतंत्रता के पश्चात भारत में भी मातृभाषा में चिकित्सा एवं तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाती तो हम आज विश्व में और अधिक बेहतर स्थिति में होते। वर्तमान में इस दिशा में ठोस और क्रांतिकारी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
(i) किसी भी देश के आधारभूत विकास के लिए आवश्यक है :
(A) तकनीकी शिक्षा का विस्तार होना
(B) चिकित्सीय शिक्षा का विस्तार होना
(C) किसी भी भाषा में शिक्षा देना
(D) मातृभाषा में शिक्षा का विस्तार होना
(ii) स्वास्थ्य और चिकित्सा की दृष्टि से कौन-से देश अच्छी स्थिति में हैं?
(A) मातृभाषा में चिकित्सीय शिक्षा देने वाले देश
(B) अपनी राष्ट्रभाषा को मातृभाषा बनाने वाले देश
(C) राष्ट्रभाषा और मातृभाषा को समान मानने वाले देश
(D) अंग्रेजी भाषा से दूरी बनाने वाले देश
(iii) भारत में क्षेत्रीय भाषाओं के अपेक्षाकृत कम विकसित होने के क्या कारण हैं?
(A) हिंदी भाषा का वर्चस्व
(B) अंग्रेजी भाषा का वर्चस्व
(C) उपयुक्त प्रयासों का अभाव
(D) स्थानीय इच्छाशक्ति का अभाव
(iv) 'मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करना आसान होता है।' इस कथन के पक्ष में निम्नलिखित में से कौन-सा / कौन-से तर्क सही है/हैं?
-
मातृभाषा में प्राप्त ज्ञान को समझना सरल है।
-
मातृभाषा में प्राप्त ज्ञान को समझना जटिल है।
-
मातृभाषा अन्य भाषाओं से सरल-स्वरूप होती है।
-
मातृभाषा और दूसरी भाषाओं में कोई अंतर नहीं है।
विकल्प :
(A) 1 सही है।
(B) 3 सही है।
(C) 1 और 2 सही हैं।
(D) 1 और 4 सही हैं।
(v) कथन और कारण को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनकर लिखिए :
कथन - भारत में शिक्षा के माध्यम में बदलाव वर्तमान की आवश्यकता है।
कारण - शिक्षा के माध्यम के प्रति दृष्टिकोण समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकता है।
(A) कथन गलत है, किंतु कारण सही है।
(B) कथन और कारण दोनों ही गलत हैं।
(C) कथन सही है और कारण, कथन की सही व्याख्या है।
(D) कथन सही है किंतु कारण, कथन की सही व्याख्या नहीं है।
3. निर्देशानुसार रचना के आधार पर वाक्य भेद पर आधारित पाँच बहुविकल्पी प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के लिए उचित विकल्प चुनकर लिखिए : (4 × 1 = 4)
(i) 'यद्यपि जीप कस्बे से आगे बढ़ गई परंतु हालदार साहब मूर्ति के बारे में सोचते रहे।' इस वाक्य का सरल वाक्य होगा :
(A) जीप के कस्बे से आगे बढ़ जाने पर भी हालदार साहब मूर्ति के बारे में सोचते रहे।
(B) जीप कस्बे से आगे बढ़ गई और हालदार साहब मूर्ति के बारे में सोचते रहे।
(C) हालदार साहब मूर्ति के बारे में सोचते रहे और जीप कस्बे से आगे बढ़ गई।
(D) जब जीप कस्बे से आगे बढ़ गई तब हालदार साहब मूर्ति के बारे में सोचने लगे।
(ii) 'वे स्वयं पढ़ना-लिखना न जानते हुए भी दूसरों में दोष निकाला करते हैं।' - इस वाक्य का संयुक्त वाक्य है :
(A) वे स्वयं पढ़ना-लिखना नहीं जानते हैं परंतु दूसरों में दोष निकाला करते हैं।
(B) हालाँकि वे स्वयं पढ़ना-लिखना नहीं जानते परंतु दूसरों में दोष निकाला करते हैं।
(C) जो स्वयं पढ़ना-लिखना नहीं जानते वे भी दूसरों में दोष निकाला करते हैं।
(D) स्वयं पढ़ना-लिखना न जानने वाले भी अक्सर दूसरों में दोष निकाला करते हैं।
(iii) निम्नलिखित वाक्यों में से मिश्र वाक्य पहचान कर नीचे दिए गए विकल्पों में से सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाला विकल्प चुनकर लिखिएः
-
बहुत-से उच्च शिक्षा प्राप्त लोग भी इस बात का खंडन ही करते हैं।
-
बौद्धों का त्रिपिटक प्राकृत में रचा गया और यह महाभारत से भी बड़ा है।
-
लेखक ने स्त्रियों के प्राकृत बोलने को उनके अनपढ़ होने का प्रमाण नहीं माना।
-
यदि कोई शिक्षा-प्रणाली स्त्री-शिक्षा को अनर्थकारी बताए तो उसमें संशोधन होना चाहिए।
विकल्प :
(A) केवल 2 सही
(B) केवल 4 सही
(C) 2 और 4 सही
(D) 1 और 3 सही
(iv) निम्नलिखित वाक्यों में सरल वाक्य का उदाहरण नहीं है :
(A) मुख्य गायक की सफलता में उसका भी सम्मान छिपा है।
(B) संगतकार गायन के स्थायी का स्वर हमेशा पकड़कर रखता है।
(C) संगतकार के बिना मुख्य गायक की सफलता संदिग्ध बनी रहती है।
(D) जो मुख्य गायक है उसके बिना संगतकार का अस्तित्व नहीं है।
(v) स्तंभ 1 को स्तंभ 2 से सुमेलित कीजिए और सही विकल्प का चयन कर लिखिए :
| स्तंभ 1 |
स्तंभ 2 |
| 1. जो बात तथ्य आधारित है उसे तो बेझिझक मान लेनी चाहिए। |
I. संयुक्त वाक्य |
| 2. बरसात में बच्चे बाहर जाते हैं और माता-पिता डर जाते हैं। |
II. सरल वाक्य |
| 3. आजकल माता-पिता अपने बच्चों का बहुत अधिक ध्यान रखते हैं। |
III. मिश्र वाक्य |
विकल्प :
(A) 1-III, 2-I, 3-II
(B) 1-I, 2-II, 3-III
(C) 1-III, 2-II, 3-I
(D) 1-II, 2-III, 3-I
4. निर्देशानुसार 'पद परिचय' पर आधारित पाँच बहुविकल्पी प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर के लिए सही विकल्प चुनकर लिखिए : (4 × 1 = 4)
(i) 'संपादक महोदय बधाई देने के लिए सीधे घर चले आए।' वाक्य में रेखांकित पद (संपादक महोदय) का परिचय है :
(A) व्यक्तिवाचक संज्ञा, एकवचन, स्त्रीलिंग, कर्ता कारक
(B) व्यक्तिवाचक संज्ञा, एकवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक
(C) जातिवाचक संज्ञा, एकवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक
(D) जातिवाचक संज्ञा, एकवचन, स्त्रीलिंग, संप्रदान कारक
(ii) 'अपनी माँ को याद करके वे भावुक हो जाते थे।'- रेखांकित पद (अपनी) का परिचय है :
(A) पुरुषवाचक सर्वनाम, एकवचन, स्त्रीलिंग, कर्म कारक
(B) निश्चयवाचक सर्वनाम, एकवचन, पुल्लिंग, कर्म कारक
(C) सार्वनामिक विशेषण, एकवचन, स्त्रीलिंग, कर्म कारक
(D) अनिश्चयवाचक सर्वनाम, एकवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक
(iii) निम्नलिखित वाक्यों में से किस वाक्य में स्थानवाचक क्रियाविशेषण का प्रयोग नहीं हुआ है?
(A) नागार्जुन की आरंभिक शिक्षा संस्कृत पाठशाला में हुई।
(B) वे बौद्ध धर्म में दीक्षित होने के लिए श्रीलंका गए थे।
(C) दो साल के प्रवास के बाद ही वे स्वदेश लौट आए।
(D) अर्धकथानक हिंदी की पहली आत्मकथा मानी जाती है।
(iv) 'मैं बचपन में पिताजी से बहुत डरती थी।' रेखांकित पद (मैं) का परिचय है :
(A) मध्यमपुरुष सर्वनाम, स्त्रीलिंग, एकवचन, कर्ता कारक
(B) सार्वनामिक विशेषण, एकवचन, स्त्रीलिंग, 'बचपन' विशेष्य
(C) उत्तमपुरुष सर्वनाम, एकवचन, स्त्रीलिंग, कर्ता कारक
(D) अन्य पुरुष सर्वनाम, स्त्रीलिंग, एकवचन, कर्ता कारक
(v) 'वे हमारे हँसी-मज़ाक में निर्लिप्त भाव से शामिल रहते।' रेखांकित (निर्लिप्त भाव से) का पद-परिचय है :
(A) स्थानवाचक क्रियाविशेषण, 'शामिल रहते' क्रिया की विशेषता
(B) कालवाचक क्रियाविशेषण, 'शामिल रहते' क्रिया की विशेषता
(C) रीतिवाचक क्रियाविशेषण, 'शामिल रहते' क्रिया की विशेषता
(D) परिमाणवाचक क्रियाविशेषण, 'शामिल रहते' क्रिया की विशेषता
5. निर्देशानुसार 'अलंकार' पर आधारित पाँच बहुविकल्पी प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के सही उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (4 × 1 = 4)
(i) 'पानी परात को हाथ छुयो नहीं, नैनन के जल सों पग धोए।' इस काव्य-पंक्ति में अलंकार हैः
(A) उत्प्रेक्षा
(B) श्लेष
(C) यमक
(D) अतिशयोक्ति
(ii) 'धीरे-धीरे उतर क्षितिज से आ बसंती रजनी' इस पंक्ति में प्रयुक्त अलंकार है :
(A) मानवीकरण
(B) श्लेष
(C) उत्प्रेक्षा
(D) अतिशयोक्ति
(iii) 'विद्या धन उद्यम बिना कहौ जु पावै कौन ।
बिना डुलाए ना मिले ज्यों पंखा की पौन।।'
इन काव्य-पंक्तियों में किस अलंकार का प्रयोग हुआ है?
(A) यमक
(B) श्लेष
(C) मानवीकरण
(D) उत्प्रेक्षा
(iv) 'मृदु मिट्टी के हैं बने हुए
मधु घट फूटा ही करते हैं।'
इन काव्य-पंक्तियों में प्रयुक्त अलंकार है :
(A) मानवीकरण
(B) श्लेष
(C) उत्प्रेक्षा
(D) यमक
(v) निम्नलिखित काव्य-पंक्तियों में से कौन-सी पंक्ति अतिशयोक्ति अलंकार का उदाहरण है?
(A) विश्व शलभ सिर धुन कहता मैं, हाय न जल पाया तुझमें मिल।
(B) अंबर के आनन को देखो, कितने इसके तारे टूटे।
(C) वह दौड़ रहा अरि मस्तक पर, वह आसमान का घोड़ा था।
(D) ज्यौं-ज्यौं बूड़े स्याम रंग, त्यौं-त्यौं उज्जलु होई।
6. निर्देशानुसार 'वाच्य' पर आधारित पाँच बहुविकल्पी प्रश्नों में से किन्हीं चार प्रश्नों के सही उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (4 × 1 = 4)
(i) 'लेखक ने अपने तर्कों से उनकी दलीलों का खंडन किया।' वाक्य में वाच्य है:
(A) कर्मवाच्य
(B) भाववाच्य
(C) कर्तृवाच्य
(D) क्रियावाच्य
(ii) 'संगतकार द्वारा मुख्य गायक का उत्साह बढ़ाया गया।' प्रस्तुत वाक्य का वाच्य पहचानिएः
(A) कर्तृवाच्य
(B) अकर्मवाच्य
(C) कर्मवाच्य
(D) भाववाच्य
(iii) 'कवि ने श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन किया है।' इसका कर्मवाच्य होगा :
(A) कवि श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन करते हैं।
(B) कवि द्वारा श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन किया गया है।
(C) कवि श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन कर पाते हैं।
(D) कवि ने श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य का वर्णन किया था।
(iv) निम्नलिखित वाक्यों में भाववाच्य का उदाहरण है/हैं :
-
प्रधानाचार्य द्वारा निर्देश जारी किया गया।
-
उसकी दादी से खड़ा नहीं रहा जाता।
-
सज्जन अपने से बड़ों की सेवा करते हैं।
-
खिलाड़ी से अब दौड़ा नहीं जाता।
विकल्प :
(A) 1, 3 और 4
(B) 2 और 4
(C) 1 और 3
(D) 3 और 4
(v) स्तंभ 1 को स्तंभ 2 से सुमेलित कीजिए और सही विकल्प का चयन कर लिखिए :
| स्तंभ 1 |
स्तंभ 2 |
| 1. घायल पक्षी से उड़ा नहीं जा सका। |
I. कर्तृवाच्य |
| 2. कवि बादल में क्रांति का स्वर सुनता है। |
II. कर्मवाच्य |
| 3. उससे वह गीत नहीं गाया गया। |
III. भाववाच्य |
विकल्प :
(A) 1-II, 2-III, 3-I
(B) 1-III, 2-II, 3-I
(C) 1-III, 2-I, 3-II
(D) 1-I, 2-II, 3-III
7. निम्नलिखित पठित गद्यांश पर आधारित बहुविकल्पी प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
आज़ाद हिंद फौज के मुकदमे का सिलसिला था। सभी कॉलेजों, स्कूलों, दुकानों के लिए हड़ताल का आह्वान था। जो-जो नहीं कर रहे थे, छात्रों का एक बहुत बड़ा समूह वहाँ जा-जाकर हड़ताल करवा रहा था। शाम को अजमेर का पूरा विद्यार्थी वर्ग चौपड़ (मुख्य बाज़ार का चौराहा) पर इकट्ठा हुआ और फिर हुई भाषणबाज़ी। इस बीच पिताजी के एक निहायत दकियानूसी मित्र ने घर आकर अच्छी तरह पिताजी की लू उतारी, "अरे! उस मन्नू की तो मत मारी गई है पर भंडारी जी आपको क्या हुआ? ठीक है, आपने लड़कियों को आज़ादी दी, पर देखते आप, जाने कैसे-कैसे उलटे-सीधे लड़कों के साथ हड़तालें करवाती, हुड़दंग मचाती फिर रही है वह। हमारे-आपके घरों की लड़कियों को शोभा देता है यह सब? कोई मान-मर्यादा, इज़्ज़त-आबरू का खयाल भी रह गया है आपको या नहीं?" वे तो आग लगाकर चले गए और पिताजी सारे दिन भभकते रहे, "बस, अब यही रह गया है कि लोग घर आकर थू-थू करके चले जाएँ। बंद करो अब इस मन्नू का घर से बाहर निकलना।"
इस सबसे बेखबर मैं रात होने पर घर लौटी तो पिताजी के एक बेहद अंतरंग और अभिन्न मित्र ही नहीं, अजमेर के सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित डॉ. अंबालाल जी बैठे थे। मुझे देखते ही उन्होंने बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया।
(i) "बंद करो अब इस मन्नू का घर से निकलना।" गद्यांश में यह निर्देश किसे दिया गया है?
(A) माँ को
(B) मन्नू को
(C) पिताजी को
(D) बहन को
(ii) पिताजी के भभकने का क्या कारण था?
(A) मन्नू का हड़तालादि में भाग लेना।
(B) मन्नू की गतिविधियों पर माँ की असहमति।
(C) पिताजी के मित्र द्वारा मन्नू की शिकायत।
(D) पिताजी की स्वयं ही मन्नू से नाराज़गी।
(iii) उपर्युक्त गद्यांश की भाषा है :
(A) ओजपूर्ण भाषा
(B) सूक्तिप्रधान भाषा
(C) मुहावरेदार भाषा
(D) संस्कृतनिष्ठ भाषा
(iv) हड़ताल का आह्वान क्यों किया जा रहा था?
(A) आज़ाद हिंद फौज के खिलाफ़ मुकदमे के विरोध में।
(B) भारत के लिए पूर्ण स्वराज की माँग के लिए।
(C) छात्रों के लिए बेहतर अधिकार और सुविधाओं के लिए।
(D) कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों के खिलाफ़ कार्यवाही के विरोध में।
(v) पूरा छात्र-वर्ग चौपड़ पर क्यों एकत्रित हुआ?
(A) आयोजित हड़ताल के समर्थन के लिए।
(B) यातायात बंद करवाने के लिए।
(C) समारोह के आयोजन के लिए।
(D) दुकानें पुनः बंद करवाने के लिए।
8. गद्य पाठों के आधार पर निम्नलिखित दो बहुविकल्पी प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त विकल्प चुनकर लिखिए : (2 × 1 = 2)
(i) बिस्मिल्ला खाँ काशी छोड़कर क्यों नहीं जाना चाहते थे? अनुपयुक्त विकल्प का चयन कीजिएः
(A) उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि होने के कारण उन्हें काशी से विशेष लगाव था।
(B) अपने पुरखों के समान वे भी काशी के बालाजी से जुड़े रहना चाहते थे।
(C) काशी से दूर जाने पर उन्हें स्वयं पर विश्वास कम प्रतीत होने लगता था।
(D) बाबा विश्वनाथ और गंगा मइया के कारण, दोनों ही काशी में, जिनसे उनका लगाव था।
(ii) 'लखनवी अंदाज' पाठ के आधार पर लिखिए कि लेखक को नवाब साहब 'नयी कहानी' के लेखक कब लगे?
(A) उन्हें पहली बार रेलगाड़ी के डिब्बे में देखकर।
(B) उन्हें खीरा खाने की तैयारी करते हुए देखकर।
(C) उन्हें खीरा सूंघकर उसका रसास्वादन करते देखकर।
(D) उनके बिना खीरा खाए ही ऊँची डकार को सुनकर।
9. निम्नलिखित पठित पद्यांश पर आधारित बहुविकल्पी प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त विकल्प चुनकर लिखिए : (5 × 1 = 5)
नाथ संभुधनु भंजनिहारा। होइहि केउ एक दास तुम्हारा।।
आयेसु काह कहिअ किन मोही। सुनि रिसाइ बोले मुनि कोही।।
सेवकु सो जो करै सेवकाई। अरिकरनी करि करिअ लराई।।
सुनहु राम जेहि सिवधनु तोरा। सहसबाहु सम सो रिपु मोरा।।
सो बिलगाउ बिहाइ समाजा। न त मारे जैहहिं सब राजा।।
सुनि मुनिबचन लखन मुसुकाने। बोले परसुधरहि अवमाने।।
बहु धनुही तोरी लरिकाईं। कबहुँ न असि रिस कीन्हि गोसाईं।।
येहि धनु पर ममता केहि हेतू। सुनि रिसाइ कह भृगुकुलकेतू।।
रे नृपबालक कालबस बोलत तोहि न सँभार।
धनुही सम त्रिपुरारिधनु बिदित सकल संसार।।
(i) 'नाथ संभुधनु भंजनिहारा। होइहि केउ एक दास तुम्हारा' पंक्ति के संदर्भ में राम के चरित्र की कौन-सी विशेषता प्रकट होती है?
(A) संयम
(B) सरलता
(C) विनम्रता
(D) वीरता
(ii) परशुराम ने शिव धनुष तोड़ने वाले को क्या चेतावनी दी?
(A) सहस्रबाहु के समान उसे अपना शत्रु समझने की
(B) राजा जनक की सभा से बाहर निकल आने की
(C) राजा जनक की सभा में उसे मार डालने की
(D) उसके साथ आजीवन शत्रुतापूर्ण व्यवहार करने की
(iii) 'न त मारे जैहहिं सब राजा' यह कथन परशुराम के ______ उदाहरण है।
(A) शौर्य का
(B) अहंकार का
(C) क्रोध का
(D) गौरव का
(iv) सेवक किसे कहा गया है?
(A) मधुर वचन बोलने वाले को
(B) सेवा करने वाले को
(C) कभी क्रोध न करने वाले को
(D) विनम्रतापूर्ण व्यवहार करने वाले को
(v) परशुराम की धनुष पर ममता होने का क्या कारण था?
(A) उनके आराध्य शिव का धनुष होना
(B) उनके गुरु विश्वामित्र का धनुष होना
(C) अपने पिता का आशीर्वाद समझना
(D) धनुष का अत्यंत प्राचीन होना
10. पाठ्यपुस्तक में निर्धारित कविताओं के आधार पर निम्नलिखित दो प्रश्नों के सर्वाधिक उपयुक्त उत्तर वाले विकल्प चुनकर लिखिए : (2 × 1 = 2)
(i) संगतकार मुख्य गायक का साथ क्यों देता है? अनुपयुक्त विकल्प छाँटकर लिखिए :
(A) उसके समान ही अपनी पहचान बनाने के लिए।
(B) प्रदर्शन के दौरान उसका उत्साह बढ़ाने के लिए।
(C) उसके प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए।
(D) उसके स्वर को सहारा देने के लिए।
(ii) 'यह दंतुरित मुसकान' कविता में बच्चे द्वारा पिता को एकटक देखे जाने का क्या कारण था?
(A) ऐसे एकटक देखना उसका स्वभाव था।
(B) उसे पलकें झपकाना नहीं आता था।
(C) वह उन्हें पहचानने की कोशिश कर रहा था।
(D) वह उनकी उपेक्षा करने का प्रयास कर रहा था।
खंड 'ब' (वर्णनात्मक प्रश्न)
11. गद्य पाठों के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए : (3 × 2 = 6)
(क) वैसे तो पान वाला कैप्टन का मज़ाक बनाता था परंतु हालदार साहब को उसकी मृत्यु की बात बताते हुए वह उदास क्यों हो गया?
(ख) संस्कृति और सभ्यता अलग-अलग कैसे हैं? पठित पाठ 'संस्कृति' के आधार पर स्पष्ट कीजिए।
(ग) 'नौबतखाने में इबादत' पाठ का लेखक "बिस्मिल्ला खाँ का मतलब - बिस्मिल्ला खाँ की शहनाई। शहनाई का तात्पर्य बिस्मिल्ला खाँ का हाथ।" ऐसा क्यों मानता है?
(घ) गंगा-स्नान के लिए आने-जाने के दौरान चार-पाँच दिनों तक बालगोबिन भगत उपवास क्यों रखते थे?
12. निर्धारित कविताओं के आधार पर निम्नलिखित चार प्रश्नों में से किन्हीं तीन प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिएः (3 × 2 = 6)
(क) 'आत्मकथ्य' कविता में कवि स्वयं को थका हुआ पथिक क्यों कहता है?
(ख) 'उत्साह' कविता में कवि ने धाराधर किसे और क्यों कहा है?
(ग) गोपियों ने उद्धव द्वारा बताए गए योग को व्याधि क्यों कहा है? सूरदास के 'पद' के आधार पर बताइए।
(घ) 'अट नहीं रही है' कविता के आधार पर 'कहीं पड़ी है उर में, मंद-गंध-पुष्प माल' पंक्ति का आशय स्पष्ट कीजिए।
13. पूरक पाठ्यपुस्तक के पाठों पर आधारित निम्नलिखित तीन प्रश्नों में से किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 50-60 शब्दों में लिखिए : (2 × 4 = 8)
(क) 'साना-साना हाथ जोड़ि' पाठ में लेखिका को कब और क्यों लगा कि तमाम भौगोलिक विविधता और वैज्ञानिक प्रगति के बावजूद भारत की आत्मा एक ही है?
(ख) 'माता का अँचल' पाठ में जिस ग्राम्य जीवन और संस्कृति का उल्लेख है, उसमें वर्तमान में क्या अंतर आया है? क्या उस अंतर को आप सकारात्मक मानते हैं?
(ग) 'मैं क्यों लिखता हूँ' पाठ के आधार पर तर्कपूर्ण उत्तर दीजिए कि क्या एक रचनाकार और उसकी रचनाएँ बाहरी दबाव से भी प्रभावित हो सकती हैं? आपकी दृष्टि में वे कौन-से बाहरी दबाव हैं जो रचनाकार की रचना को प्रभावित करते हैं?
14.
(क) आप कुमुद/कुमुदिनी हैं। बड़े प्रयासों और प्रतीक्षा के बाद आपकी बहन का स्थानान्तरण अपने गृह-नगर में हो गया है। इसके लिए उन्हें बधाई देते हुए लगभग 40 शब्दों में एक संदेश लिखिए। (4)
अथवा
(ख) 'जल संरक्षण' के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगभग 40 शब्दों में एक आकर्षक विज्ञापन तैयार कीजिए। (4)
15. निम्नलिखित तीन विषयों में से किसी एक विषय पर संकेत बिंदुओं के आधार पर लगभग 120 शब्दों में एक अनुच्छेद लिखिए : (6)
(क) साइबर सुरक्षा : जागरूकता ही समाधान
संकेत बिंदु: भूमिका, अर्थ, वर्तमान में चर्चा का कारण, जागरूकता का प्रभाव
(ख) सौर ऊर्जा : सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा
संकेत बिंदु: भूमिका, स्रोत, देश के लिए क्यों आवश्यक, लाभ
(ग) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
संकेत बिंदु: भूमिका, उद्देश्य, संसार की लगभग आधी आबादी, महिलाओं की स्थिति पर प्रभाव
16.
(क) आप चंदा / चंदन हैं। खराब जीवनशैली के कारण आपके मित्र का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। संयमित और स्वस्थ जीवनशैली का महत्त्व बताते हुए लगभग 100 शब्दों में उसे एक पत्र लिखिए। (5)
अथवा
(ख) पुलिस द्वारा उठाए गए विविध कदमों से शहर में अपराध कम तो हुआ है पर अभी और सुधार की आवश्यकता है। अपने क्षेत्र के दैनिक समाचार पत्र के संपादक को लगभग 100 शब्दों में पत्र लिखकर जन सामान्य का ध्यान इस ओर दिलाइए कि अपराध पर अंकुश सिर्फ पुलिस की ही नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। (5)
17.
(क) आप रजनी/राजन हैं। आपके विद्यालय की पत्रिका 'प्रखर' के लिए छात्र संपादक की नियुक्ति होनी है। आप उक्त पद के योग्य हैं। इस पद के लिए प्रधानाचार्य को संबोधित कर लगभग 80 शब्दों में अपना एक संक्षिप्त स्ववृत्त तैयार कीजिए। (5)
अथवा
(ख) आप राजन / रजनी हैं। अपने बैंक खाते में नेट बैंकिंग की सुविधा प्राप्त करने के लिए संबंधित शाखा प्रबंधक को लगभग 80 शब्दों में एक ई-मेल लिखिए। (5)
CBSE CLASS 10 ENGLISH LITRUATURE
CBSE CLASS 10 ARTIFICIAL INTELLIGENCE QUESTION PAPER